देहरादून। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को राज्य सरकार निरंतर साकार कर रही है। विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के लक्ष्य के साथ प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक महत्व और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमालय की गोद में बसा देवभूमि उत्तराखंड देश की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करते हैं। उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव और यहां बिताए समय को भी याद किया।
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में राज्य में हुए आधारभूत ढांचे के विस्तार को महत्वपूर्ण बताते हुए चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने सीमांत गांवों के विकास को भी राष्ट्रीय महत्व का विषय बताया। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, नीति, गुंजी और जादुंग जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयासों की प्रशंसा की।
पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखंड की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने होमस्टे, एडवेंचर टूरिज्म, विंटर टूरिज्म और वेडिंग टूरिज्म को स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और कृषि के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की। जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन और राज्य के पूर्ण साक्षरता लक्ष्य को हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने लखपति दीदी, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से प्रदेश के लोगों को मिल रहे लाभ का भी जिक्र किया।
सुशासन के क्षेत्र में उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए उदाहरण बताते हुए प्रधानमंत्री ने सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी गौरवपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोकगीत, पारंपरिक त्योहार और खानपान प्रदेश की आत्मा हैं। इगास-बग्वाल, फूलदेई, नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला और छोलिया नृत्य जैसी परंपराएं देवभूमि की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और प्रदेश का हर गांव, परिवार तथा युवा विकास के अवसरों से जुड़ेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से राज्य विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े। उन्होंने कहा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए उत्तराखंड में रोजगार, पर्यटन, निवेश और विकास के नए अवसरों का सृजन किया जा रहा है।