धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष हुई
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी, ऋषिकेश के बापूग्राम की वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने की सैद्धांतिक सहमति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 23 प्रस्तावों को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, वन, आवास और परिवहन समेत कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े फैसले लिए गए।
कैबिनेट ने प्रदेश की चीनी मिलों को आर्थिक राहत देने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने का निर्णय लिया है। इससे चीनी मिलें बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगी। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने को मंजूरी दी गई है। वहीं, फार्मासिस्ट संवर्ग में डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा अभ्यर्थियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया।
श्रम विभाग के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली है। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में संशोधन तथा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा नियमावली में बदलाव के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।
आबकारी विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को हरी झंडी दी गई है। सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी स्वीकृति मिली है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के मामले में मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
खनन विभाग के प्रस्ताव पर जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर को पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, खनन रॉयल्टी की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के संबंध में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है। समिति की संस्तुति के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
वन विभाग के तहत वन आरक्षी भर्ती के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए बिल्डिंग बायलॉज और भवन निर्माण से जुड़े प्रावधानों में शिथिलता देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा लैंड यूज परिवर्तन की दरों में भी बड़ी राहत दी गई है। नई दरें पहले की तुलना में एक चौथाई से भी कम होंगी।
परिवहन क्षेत्र में हरिद्वार में पर्सनलाइज्ड रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। वहीं, ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित आरक्षित वन क्षेत्र की 594.94 एकड़ भूमि को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और अन्य संबंधित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वन भूमि पर बसी आबादी वाले क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। इसके लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
इसके अलावा उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक पद के सृजन को मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान तथा उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय एवं महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की।
कुल मिलाकर धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाकर सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बदलाव, कर्मचारियों को राहत, औद्योगिक एवं सहकारी क्षेत्र को आर्थिक सहयोग और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।