टी-स्टेट से लगे रिहायशी इलाकों की सुरक्षा को लेकर बनी सहमति, बाउंड्रीवॉल, तारबाड़ और सुरक्षा गार्ड होंगे तैनात
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर में टी-स्टेट से सटे रिहायशी इलाकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में सामंजस्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सिक्योरिटी ऑफिसर सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बैठक में टी-स्टेट से लगे रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा और साफ-सफाई सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर बाउंड्रीवॉल और तारबाड़ लगाने, जहां जरूरत है वहां सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
टी-स्टेट मैनेजर नीरज शर्मा ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बाउंड्रीवॉल, तारबाड़ और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों को शीघ्र शुरू कराने पर सहमति जताई। उन्होंने टी-स्टेट से सटे क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि टी-स्टेट के आसपास और सड़क किनारे कूड़ा-कचरा न फेंका जाए। इसके लिए स्थानीय लोगों के सहयोग से एक कमेटी गठित करने पर भी चर्चा हुई, जो स्वच्छता और क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर नजर रखेगी।
इसके अलावा कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर संवेदनशील स्थानों पर पथ प्रकाश और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी। बैठक में मौजूद क्षेत्रवासियों ने टी-स्टेट प्रबंधन और कैंटोनमेंट बोर्ड के साथ मिलकर समस्याओं के समाधान में सहयोग देने की बात कही।
बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल समेत अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।