रक्तदान महादान : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर 240 यूनिट रक्त संग्रह, स्वास्थ्य संवाद में जुटे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी

 

रक्तदान महादान : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर 240 यूनिट रक्त संग्रह, स्वास्थ्य संवाद में जुटे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी

एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के सहयोग से आयोजित हुआ विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 15 लोगों को मिला आदर्श नागरिक सम्मान- 2026

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार और जनसेवा का एक प्रेरणादायी उदाहरण राजधानी देहरादून में देखने को मिला। विचार एक नई सोच सामाजिक संगठन व उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के सहयोग से मोथरोवाला रोड स्थित अमोलाज़ रेस्टोरेंट में स्वास्थ्य संवाद एवं विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन में विचार एक नई सोच सामाजिक संगठन, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, पी.आर.एस.आई देहरादून, चैप्टर, रंत रैबार संस्था, आकाश शिक्षा एवं सांस्कृतिक विकास समिति, लाइफ़ केयर पैथोलॉजी सेंटर, उत्तरजन टुडे सेंचुरियन क्लब, रजनी टाइम्स, भविष्य की उड़ान व अमोलाज रेस्टोरेंट महत्वपूर्ण सहयोगी संस्थाओं की भूमिका में रहे।

इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। दून अस्पताल ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया गया, जिसमें 240 यूनिट रक्त एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल को मजबूती प्रदान की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, पत्रकारों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान शिविर के साथ आयोजित स्वास्थ्य संवाद में स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान की उपयोगिता तथा बदलती जीवनशैली से उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

*यमुनोत्री विधायक ने स्वयं रक्तदान कर दिया प्रेरणादायी संदेश*
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब रहा जब यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने स्वयं रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपात परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद को जीवन मिलता है बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य परीक्षण भी होता है और उसके भीतर सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

*सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन : विनोद कण्डारी*
देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समाज को ऐसे आयोजनों की अधिक आवश्यकता है, जो लोगों को एक-दूसरे की सहायता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने युवाओं से आगे आकर रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि युवा शक्ति इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाए तो प्रदेश में कभी रक्त की कमी नहीं होगी।

*स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : उमेश शर्मा काऊ*
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के युवा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का जागरूक होना आवश्यक है। रक्तदान जैसे अभियान न केवल मानव जीवन को बचाते हैं, बल्कि समाज में परस्पर सहयोग और संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देते हैं।

*रक्तदान सामाजिक चेतना का सबसे बड़ा माध्यम : किशोर उपाध्याय*
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए बिना किसी आर्थिक संसाधन के भी किसी व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सभी संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। रक्तदान केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बनना चाहिए।

*मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है रक्तदान : बंशीधर तिवारी*
मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है तो वह किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने का कार्य करता है। यह निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने का आह्वान किया। 240 यूनिट रक्त संग्रह के साथ मानवता और सेवा का संदेश देने वाला यह आयोजन राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।

*स्वास्थ्य जागरूकता भी उतनी ही जरूरी जितना रक्तदान : संजीव सुंदरियाल*
पीआईबी एवं आरएनयू देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंदरियाल ने कहा कि आज सूचना और जागरूकता के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मीडिया और सामाजिक संस्थाएं मिलकर जनजागरूकता के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं।

*आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण : डॉ. आर.एस. बिष्ट*
एमएस दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल डॉ. आर.एस. बिष्ट ने कहा कि अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे मरीज आते हैं जिन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। दुर्घटनाओं, प्रसूति, कैंसर, थैलेसीमिया और विभिन्न जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाता अस्पतालों की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और ऐसे आयोजनों से रक्त भंडारण को मजबूत आधार मिलता है।

*नियमित रक्तदान स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी : डॉ. सुधीर कुमार*
एफडीए के सहायक औषधि नियंत्रक डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से नियमित अंतराल पर रक्तदान करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। इससे शरीर में नए रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय होती है और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी भी हो जाती है।उन्होंने रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि जागरूकता बढ़ने से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे।

*युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व समझना होगा : ललित मोहन जोशी*
सीआईएमएस एवं यूएचआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों को भी नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने चाहिए।

*स्वास्थ्य संवाद में विशेषज्ञों ने साझा की महत्वपूर्ण जानकारी*
कार्यक्रम में आयोजित स्वास्थ्य संवाद के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. अमर उपाध्याय ने हृदय रोगों की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

डॉ. उदय शंकर बलूनी ने पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खानपान की खराब आदतें अनेक बीमारियों का कारण बन रही हैं। उन्होंने स्वच्छ भोजन और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

डॉ. अरुण पांडेय ने रक्तदान की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती और यह जरूरतमंद मरीजों के लिए अमूल्य सहायता साबित होता है।

*15 लोगों को मिला आदर्श नागरिक सम्मान, रक्तवीरों का भी हुआ सम्मान*
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 व्यक्तियों को ‘आदर्श नागरिक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को ‘रक्तवीर सम्मान-2026’ प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लोगों को सम्मानित करने से दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है।

*आदर्श नागरिक सम्मान-2026*
1- डॉ आर एस बिष्ट, एमएस, दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल।
2- डॉ रमेश कुंवर, अध्यक्ष, प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ। डिप्टी सीएमओ हरिद्वार।
3- डॉ अमर उपाध्याय, कार्डियोलास्टि, दून अस्पताल।
4- डॉ अरूण पांडेय, सीनियर फिजीशियन, दून अस्पताल।
5- डॉ उदय शंकर बलूनी, गेस्ट्रो सर्जन, बलूनी अस्पताल।
6- डॉ रचित गर्ग, रेडियोलॉजिस्ट। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज।
7- डॉ अंकित परासर, रेडियोलॉजिस्ट, पराशर पैथोलॉजी सेंटर।
8- एडवोकेट ललित मोहन जोशी, चेयरमैन, सीआईएमएस एंव यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज।
9- एडवोकेट विकेश सिंह नेगी, आरटीआई के जरिए समाजिक चेतना के क्षेत्र में।
10- श्री मनमोहन भटकोरा, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ण कार्यों के लिए
11 – डॉ तुहिन, स्वास्थ्य विभाग।
12- अनिल सती, सुरेश भट्ट पीआरएस आई संगठन को जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ण कार्यों के लिए सम्मान
13- अनिल बर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, सिविल डिफेन्स।
14- वैभव गोयल, फिल्म निर्माण के क्षेत्र में।
15- डॉ सुधीर कुमार, सहायक औषधि नियंत्रक, एफडीए, उत्तराखंड।
16-विजय थपलियाल, सचिव मंडी समिति, देहरादून।

*रक्त की कमी से किसी मरीज का उपचार प्रभावित न हो : एस.डी. जोशी*
संगठन के संरक्षक एस.डी. जोशी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि अस्पतालों में रक्त की कमी के कारण किसी मरीज का उपचार प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि रक्तदान अभियान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में संगठन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों, दून अस्पताल ब्लड बैंक की टीम तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

*रक्तदान से बढ़ता है मानवता का सम्मान : अरुण शर्मा*
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकती है। अरुण शर्मा ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मीडिया, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आयोजित इस स्वास्थ्य संवाद एवं रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को जनहित के कार्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की।

*कार्यक्रम में संगठन के सचिव राकेश बिजल्वाण, अध्यक्ष अरुण चमोली, घनश्याम जोशी, रमन जायसवाल, अरुण पांडेय, दीपक जुगराण, गुणानंद जखमोला, मनोज इष्टवाल, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष अरुण शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *