सीएम आवास कूच से पहले भाजपा का बड़ा दांव, मकवाना को NCSK की कमान

 

सीएम आवास कूच से पहले भाजपा का बड़ा दांव, मकवाना को NCSK की कमान

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग में भगवत प्रसाद मकवाना अध्यक्ष नियुक्त

उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व, केशब बिहारी उपाध्यक्ष; तीन सदस्य भी नियुक्त

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (NCSK) का पुनर्गठन करते हुए उत्तराखंड के भगवत प्रसाद मकवाना को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही केशब बिहारी को उपाध्यक्ष और मनोज कुमार वाल्मीकि, सुषमा गौड़ियाल तथा रवि रामू कालोसे को सदस्य बनाया गया है।

कैबिनेट सचिवालय की ओर से 6 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां आयोग के मौजूदा कार्यकाल यानी 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेंगी। आदेश में बताया गया है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रस्ताव और प्रधानमंत्री की मंजूरी के बाद नियुक्तियों को स्वीकृति दी गई है।

नई नियुक्तियों में उत्तराखंड को विशेष प्रतिनिधित्व मिलने को प्रदेश की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भगवत प्रसाद मकवाना को आयोग की अध्यक्षता मिलने के साथ ही सफाई कर्मचारी समुदाय से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी।

यह नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज है। कांग्रेस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है। इसी राजनीतिक माहौल के बीच केंद्र की ओर से उत्तराखंड के नेता को राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया जाना सियासी तौर पर चर्चा में है।

वहीं, राहुल गांधी से जुड़े एससी-एसटी एक्ट के मामले और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ कर्नाटक में दर्ज मुकदमे को लेकर भी दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। ऐसे में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के पुनर्गठन को उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *