जैनी हरक मुद्दे पर भाजपा में दो फाड़, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र बोले हरक जेनी निजी मामला राज्य को इसका कोई लाभ नहीं
जैनी-हरक मुद्दा निजी है,तूल देना ठीक नहीँ- ‘त्रिवेंद्र
देखें वीडियो
https://www.facebook.com/share/v/1F5VD2EVMK/
जैनी-हरक मुद्दे से प्रदेश की छवि हो रही धूमिल-त्रिवेंद्र
रचनात्मक खबरों को स्पेस दे मीडिया-त्रिवेंद्र
देहरादून। तेईस साल बाद जैनी प्रकरण के उछलने से देवभूमि की छवि धूमिल हो रही है। यह निजी मामला है। इस पर राजनीति करना व आरोप-प्रत्यारोप लगाना ठीक नहीं है। यह सब दुर्भाग्यपूर्ण है।
पूर्व मंत्री अरविंद पांडे के बाद भाजपा के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के जैनी प्रकरण पर दिए गए इस तरह के बयान के बाद भाजपा की अंदरूनी हलचल सतह पर आ गयी है। इस मुद्दे पर भाजपा में साफ साफ खेमाबंदी देखी जा रही है। भाजपा की इस अंदरूनी पिक्चर से कांग्रेस खेमे में विशेष राहत देखी जा रही है।
भाजपा संगठन व सरकार जैनी के आरोपों पर जांच की दिशा में आगे बढ़ रही है। जबकि भाजपा का दूसरा गुट साफ कह रहा है कि इस मुद्दे से राज्य का कोई फायदा नहीं होने वाला।
शुक्रवार को
मीडिया से बातचीत में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह के प्रकरणों से जो देवभूमि उत्तराखंड है, उसकी छवि को धूमिल करने का प्रयास है। मैं समझता हूं कि ये निजी मामले हैं लोगों के, और उनको उन्हीं तक सीमित रखना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि हर विषय पर राजनीति और तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं राज्य हित में नहीं हैं। रावत ने कहा, “इसमें राजनीति हो, इसमें फिर तमाम तरह के लोग प्रतिक्रियाएं दें, उससे कोई फायदा राज्य का नहीं होने वाला है। राज्य हित सर्वोपरि है। उत्तराखंड को देवभूमि के रूप में पूरा देश और दुनिया मानती है, तो उसका भी ख्याल रखा जाना चाहिए। बहुत संयमित तरीके से वक्तव्य दिया जाना चाहिए।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह इस मामले को कवरेज दिया गया, वह भी उचित नहीं कहा जा सकता। रावत ने कहा, “थोड़ा मुझे इसमें मीडिया से भी नाराजगी है। मीडिया ने जिस तरह से इस मामले को कवरेज दिया, वो भी उचित नहीं कहा जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और रचनात्मकता की भी बहुत सी खबरें हैं, जिन्हें सामने लाया जाना चाहिए। रावत ने कहा, “बहुत कुछ है राज्य में। हमारे बच्चे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, बहुत अच्छे इनोवेशन्स कर रहे हैं। उन बच्चों को अगर ये स्पेस दिया जाता, तो मैं समझता हूं कि उससे वो तो प्रोत्साहित होते ही, और लोगों को भी उससे प्रेरणा मिलती।”
त्रिवेंद्र रावत के जैनी-हरक मामले में दिए गए बयान के बाद भाजपा में हलचल देखी जा रही है। इससे पूर्व, भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने भी जैनी-हरक मुद्दे के उठने पर नाराजगी जताई थी। हालांकि, बाद में वे अपने बयान से पलट गए थे और बाद में हरक सिंह को निशाने पर लिया था।
लेकिन इधऱ, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के जैनी-हरक मामले को तूल न देने सम्बन्धी बयान के बाद कांग्रेस खेमे में राहत देखी जा रहा है। गौरतलब है कि जैनी ने डीजीपी दीपम सेठ को शिकायती पत्र देने के बाद असम के सीएम हिमंता सरमा से मुलाकात कर न्याय की मांग की है। 2003 के इस मामले की सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट में हरक सिंह बरी हो गए थे।
अंकिता मामले में सीबीआई जॉच का इंतजार करें’
अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की संलिप्तता को लेकर चल रही चर्चाओं और आरोप-प्रत्यारोप के बीच हरिद्वार सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सियासी बयानबाजी से परहेज करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों पर अनावश्यक राजनीति से राज्य का कोई भला नहीं होगा।
अंकिता को न्याय दिलाने की मांग पर रावत ने कहा कि मामले की जांच सीबीआई कर रही है, इसलिए उसके नतीजे की प्रतीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “अंकिता वाले मसले में सीबीआई जांच हो रही है, तो उसकी प्रतीक्षा करनी चाहिए। सरकार ने लोगों की मांग और सीबीआई के प्रति विश्वास को देखते हुए जांच बैठाई है, तो मुझे लगता है कि उसकी प्रतीक्षा करनी चाहिए।”