कर्णप्रयाग में तलवारबाजी: हेमकुंड यात्रा से लौट रहे 4 निहंग गिरफ्तार, 3 भेजे गए जेल

कर्णप्रयाग में तलवारबाजी: हेमकुंड यात्रा से लौट रहे 4 निहंग गिरफ्तार, 3 भेजे गए जेल

कर्णप्रयाग/चमोली। कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय व्यापारियों और हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चार निहंग यात्रियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से तीन को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी उपचाराधीन होने के कारण पुलिस निगरानी में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप स्थानीय व्यापारियों और निहंग यात्रियों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। घटना में चार लोग घायल हुए।

पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने बैरियर लगाकर तीन आरोपियों को मौके के आसपास से दबोच लिया, जबकि चौथे आरोपी को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।

चार तलवारें और दो बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिल (PB-65BK-3889 और PB-65BE-4296) बरामद की हैं।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

जसनप्रीत सिंह (23), निवासी सोहाना, मोहाली, पंजाब
अजय सिंह (23), निवासी सोहाना, मोहाली, पंजाब
सतविंदर सिंह (21), निवासी सेक्टर-68, मोहाली, पंजाब
मनप्रीत सिंह (21), निवासी सोहाना, मोहाली, पंजाब (उपचाराधीन)
कानून व्यवस्था के लिए आईटीबीपी और पीएसी तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में किसी भी प्रकार के तनाव को देखते हुए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में आईटीबीपी की एक कंपनी और पीएसी बल तैनात किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी बोले—अराजक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन प्रहार में तीन अन्य लोगों पर भी कार्रवाई
इधर, ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में कोतवाली चमोली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने और वाहन में हॉकी स्टिक आदि लेकर घूम रहे तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *