अपराध:कल दिन दहाड़े गोली से दहली राजधानी,आज डबल मर्डर से दहल उठा हल्द्वानी

अपराध:कल दिन दहाड़े गोली से दहली राजधानी,आज डबल मर्डर से दहल उठा हल्द्वानी

उत्तराखंड के हल्द्वानी में डबल मर्डर हुआ है। गुरुवार सुबह मंडी परिसर में युवक और युवती की खून से सनी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव पहचानने भी मुश्किल हैं

एक दिन पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शहीद कर्नल के बेटे की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वारदात के 24 घंटे के भीतर हल्द्वानी शहर में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब मंडी परिसर के अंदर एक युवक और युवती की खून से सनी लाशें बरामद हुईं। दोनों की हत्या बेरहमी से पत्थरों से कुचलकर की गई है। शवों के चेहरे इस कदर कुचले गए थे कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह मंडी क्षेत्र में काम पर पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले शवों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र करीब 20 से 22 साल और युवक की लगभग 25 साल बताई जा रही है। युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले की एक आईडी बरामद हुई है, जिसके आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की कोशिश की जा रही है। वहीं युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।

देर रात हत्या का अंदेशा
घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों की हत्या देर रात की गई। हत्या में बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है, जो मौके पर ही पड़े मिले। युवक की जेब से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हालांकि पुलिस इस पर अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है।

मुंह पत्थर से कुचले, पहचानना भी मुश्लिक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण जा रहा है आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। बुरी तरह से दोनों के मुंह कुचले हुए हैं, जिस कारण शिनाख्त में दिक्कत आ रही है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
डबल मर्डर की इस वारदात से हल्द्वानी में दहशत का माहौल है। मंडी जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश या अन्य किसी एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *