381 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया प्रतिभाग, पीयूष, दिव्यांशु पोखरियाल और समीर पंवार ने अपने-अपने वर्ग में किया टॉप
विधायक शक्तिलाल शाह ने मेधावियों को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
घनसाली/टिहरी गढ़वाल। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट की अनूठी पहल सराहनीय साबित हो रही है। बाल दिवस के अवसर पर स्वर्गीय रघुनाथ सिंह बिष्ट की स्मृति में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में भिलंगना विकासखंड के 381 विद्यालयों के लगभग 9500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अक्टूबर को विद्यालय स्तर से किया गया था। इसके बाद भिलंगना विकासखंड की 11 न्याय पंचायतों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रत्येक न्याय पंचायत से तीन-तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। अंतिम चरण में 33 चयनित प्रतिभागियों ने प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीनों वर्गों में इन मेधावियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में पीयूष ने प्रथम, अक्षित सेमवाल ने द्वितीय और अदिति उनियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कैराराम ब्रिलिएंट माइंड्स स्कूल, बेलेश्वर के छात्र दिव्यांशु पोखरियाल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अर्जित द्वितीय और पूनम तृतीय स्थान पर रहे। वहीं माध्यमिक वर्ग में समीर पंवार ने प्रथम, अनीश सिंह ने द्वितीय और अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विधायक ने किया सम्मानित, प्रथम को 5100 रुपये का पुरस्कार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वालों को 2100 रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रतियोगिता के आयोजक आनंद बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक बच्चा अपने आप में विजेता है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना और शिक्षा के प्रति प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है। 381 विद्यालयों के लगभग 9500 विद्यार्थियों की सहभागिता यह साबित करती है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।
आर्थिक परेशानी न बने बाधा, विद्यार्थियों को दिया आने-जाने का किराया
प्रतियोगिता की एक खास और संवेदनशील पहल यह भी रही कि आयोजकों की ओर से प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को आने-जाने का सामान्य किराया भी उपलब्ध कराया गया, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की प्रतिभा के प्रदर्शन में बाधा न बनें। आनंद बिष्ट ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, विद्यालयों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्व. रघुनाथ सिंह बिष्ट की स्मृति में शुरू की गई यह पहल भविष्य में भी ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का काम करती रहेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, गोविंद सिंह राणा, यशवंत गुसाईं, चंद्रवीर नेगी, विजय राज मियां, उपेंद्र मैठाणी, गोपेश्वर अंथवाल, जयशंकर नगवाण, विनय राणा, गोविंद बडोनी, रमेश नेगी, संजय गुसाईं सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।