रतनपुर रामलीला की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बालाजी मंदिर से विधिवत लाया गया हनुमान ध्वज

रतनपुर रामलीला की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बालाजी मंदिर से विधिवत लाया गया हनुमान ध्वज

 

देहरादून। रतनपुर में आयोजित होने वाले श्री रामलीला महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। रामलीला उत्सव से पहले बुधवार को रतनपुर युवा सांस्कृतिक समिति (रजि.) के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने श्री बालाजी मंदिर से हनुमान जी का पावन ध्वज विधिवत रूप से रतनपुर रामलीला मैदान तक लाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयकारों के साथ धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन किया।

हनुमान ध्वज को रामलीला आयोजन की शुरुआत से पूर्व श्रद्धा और आस्था के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि ध्वज स्थापना के साथ ही रामलीला महोत्सव की तैयारियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक ऊर्जा मिली है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समिति से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।

गौरतलब है कि रतनपुर युवा सांस्कृतिक समिति (रजि.) के सौजन्य से श्री रामलीला महोत्सव 8 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक रतनपुर चौक, देहरादून स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। 21 अक्टूबर को श्रीराम राजतिलक एवं पुरस्कार वितरण के साथ रामलीला महोत्सव का समापन होगा।
समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत, सचिव दलवीर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष सुशील सिंह रावत, मीडिया प्रभारी अजय घिल्डियाल, संरक्षक नरेंद्र सिंह राणा और निर्देशक विक्रम सिंह रावत सहित समिति के अन्य पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित रामलीला महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीला का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *