एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ
श्रीनगर गढ़वाल। भारत सरकार के निर्देशानुसार हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यवाहक कुलपति प्रो. एनएस पंवार ने अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन अवसर पर कार्यवाहक कुलपति प्रो. एनएस पंवार ने कहा कि अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
अभियान के नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. महाबीर सिंह नेगी ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 12 अगस्त को चौरास परिसर और 15 अगस्त को बिरला परिसर में सुबह 7:30 बजे तिरंगा रैली निकाली जाएगी। 13 अगस्त को क्विज प्रतियोगिता, खेलकूद गतिविधियां और तिरंगा बाइक रैली आयोजित होगी। खेलकूद में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच वॉलीबॉल एवं रस्साकशी प्रतियोगिता होगी।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को बिरला परिसर के ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग में रंगोली व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा संगीत विभाग में देशभक्ति आधारित संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में विश्वविद्यालय अग्रणी भूमिका निभाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. हरिभजन सिंह चौहान, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट, डॉ. गुरदीप सिंह, डॉ. मोहित बिष्ट, डॉ. गांधी चौहान, डॉ. कपिल पंवार, सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी सहित शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।