चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, डॉ. आशुतोष सयाना बने निदेशक

चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, डॉ. आशुतोष सयाना बने निदेशक

राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में बदले प्राचार्य, छह वरिष्ठ चिकित्सकों के तबादले के आदेश जारी

देहरादून, 3 अगस्त। उत्तराखण्ड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह वरिष्ठ चिकित्सकों एवं मेडिकल कॉलेज प्राचार्यों के स्थानांतरण और प्रभार परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। शासन के इस निर्णय के तहत चिकित्सा शिक्षा निदेशक का दायित्व भी बदला गया है, जबकि हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों में नए प्राचार्यों की नियुक्ति की गई है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार देर शाम जारी आदेश के अनुसार डॉ. आशुतोष सयाना को राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य पद से निदेशक, चिकित्सा शिक्षा नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. अजय कुमार आर्य को निदेशक चिकित्सा शिक्षा के प्रभार से मुक्त करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी का प्राचार्य बनाया गया है।
आदेश के तहत डॉ. चन्द्रप्रकाश भैंसौड़ा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। डॉ. चन्द्र मोहन सिंह रावत को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार से राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर का प्राचार्य बनाया गया है।
इसी क्रम में डॉ. जी. एस. तितियाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *