देहरादून में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद, भारी बारिश के रेड अलर्ट पर डीएम का आदेश
10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 10 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। संभावित आपदा और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील भी की है।