पत्रकार हेम भट्ट मामले में डीजी सूचना बंशीधर तिवारी गंभीर दिया न्याय का भरोसा

 

पत्रकार हेम भट्ट मामले में डीजी सूचना बंशीधर तिवारी गंभीर दिया न्याय का भरोसा

त्रिवेंद्र बोले, पुलिस प्रदेश सरकार की छवि खराब कर रही है

प्रदेश सरकार पत्रकारों के हितों को लेकर सजग-बंशीधर तिवारी

 

देहरादून। वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को घर से उठाने और फिर 12 घण्टे की पूछताछ के बाद छोड़ देने सम्बन्धी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई से नाराज पत्रकारों ने डीजी सूचना से हस्तक्षेप की मांग की।
उधर, एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस के रवैये की आलोचना की। कहा कि,पुलिस प्रदेश सरकार की छवि खराब कर रही है।
उन्होंने इस प्रकरण में नाराजगी जताते हुए डीजीपी को एक पत्र भी लिखा है।
मंगलवार को पत्रकारों के एक दल ने मीडिया सेंटर में डीजी सूचना बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर पत्रकार हेम भट्ट को न्याय दिलाने को कहा।
पत्रकारों ने कहा कि बिना किसी सर्च वारंट या नोटिस के हेम भट्ट को सुबह 4 बजे घर से उठाना और पत्नी समेत बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करने से प्रदेश में नाराजगी का माहौल है।
पत्रकारों ने कहा कि अगर हेम भट्ट का भू माफिया प्रदीप सकलानी से कोई सम्बंध नहीं है तो सम्वन्धित अधिकारियों को दुख प्रकट करते हुए माफी मांगनी चाहिए। और लिखित में यह सच सार्वजनिक करना चाहिए।और अगर हेम भट्ट दोषी है तो पुलिस को सबूत पेश करने चाहिए।

पत्रकारों ने कहा कि हेम भट्ट के आवास पर दबिश देने गए पुलिसकर्मियों के नाम का भी खुलासा किया जाय।

घटना के बाबत पत्रकारों के सवालों को सुनने के बाद डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि वे जल्द ही सम्बंधित पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेंगे। और पत्रकारों का सम्मान बरकरार रखते हुए उचित हल निकालेंगे।
सूचना महानिदेशक तिवारी ने कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति हमेशा से ही संवेदनशील रही है। यह घटना किन स्थितियों में हुई,यह जानना भी जरूरी है।

दूसरी ओर, भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पत्रकार हेम भट्ट के समर्थन में आने के बाद पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीडियो बयान जारी कर पुलिस को कड़ी चेतावनी दे डाली।
हरिद्वार से भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस की कार्रवाई को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस सरकार की छवि खराब कर रही है। प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ होता है।
पूर्व सीएम ने कहा कि छोटे बच्चों के सामने पत्रकार हेम भट्ट को घसीट कर ले जाया गया। इस समय उनका पूरा परिवार ट्रामा में है।

पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वे हेम भट्ट को हर तरीके से सहयोग करने को तैयार है। इस बारे में त्रिवेंद्र ने पुलिस के अधिकारियों से भी वार्ता की। और अपनी नाराजगी जाहिर की।
इस बीच, पत्रकार हेम भट्ट ने सोमवार को मानवाधिकार आयोग को पत्र लिख कर न्याय की मांग की है। पुलिस शिकायत प्राधिकरण में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पत्रकार हेम भट्ट ने कहा कि दून पुलिस मेरी बेगुनाही का सबूत दे। हेम भट्ट ने कहा कि न्याय मिलने तक उनका सँघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *